नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू होने लगी हैं। राज्य के चुनाव आयोग ने अपने-अपने राज्यों की मतदाता सूची को अपडेट करना शुरू कर दिया है। 2024 लोकसभा चुनावों से पहले राज्य चुनाव आयोगों ने अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है।

फर्स्ट टाइम वोटर्स की संख्या में इजाफा

आयोग की डेटा रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार युवा वोटर्स (18-20 आयु वर्ग) की संख्या बढ़ी है। दरअसल, बिहार, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड में मतदाताओं की संख्या बढ़ी और महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ने की संभावना है।

तमिलनाडु में कम हुई युवा मतदाताओं की संख्या

दिल्ली में 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान 18-19 साल की उम्र के 97,000 मतदाता थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 1 लाख 47 हजार हो गई है। वहीं, आंध्र प्रदेश में संख्या 5 लाख 39 हजार से बढ़कर 8 लाख 13 हजार हो गई और बिहार की बात करें तो युवा वर्ग (18-19 वर्ष) के मतदाताओं की संख्या 2019 में 5 लाख 79 हजार थी, जो अब 7 लाख 79 हजार हो गई है। हालांकि, तमिलनाडु में 2019 से 2024 के बीच 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 8 लाख 98 लाख से घटकर 5 लाख 26 हजार रह गई है।

बिहार

लोकसभा चुनाव से पहले प्रकाशित बिहार की अंतिम मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 64 लाख 33 हजार 329 दर्ज की गई है। अंतिम सूची में 12 लाख 09 हजार 347 नए मतदाता जोड़े गए हैं। नई सूची के अनुसार, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 79 हजार 360 की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसके बाद इनकी संख्या 1 लाख 47 हजार 62 से बढ़कर अब 9 लाख 26 हजार 422 हो गई है।

बिहार राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, राज्य में 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 2 लाख 07 हजार 136 घट कर 14 लाख 50 हजार 416 रह गई है। बिहार राज्य निर्वाचन विभाग के डेटा के मुताबिक, प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या 3 करोड़ 64 लाख 01 हजार 903 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 4 करोड़ 29 हजार 136 है।

उत्तराखंड

उत्तराखंड निर्वाचन विभाग के अनुसार, 2019 में 76.28 लाख मतदाताओं से की संख्या इस बार बढ़कर 82.43 लाख हो गई हैं। अब प्रदेश में  कुल मतदाताओं की संख्या 82 लाख 43 हजार 423 हो गई है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 42 लाख 70 हजार 597 है और महिला मतदाता की संख्या 39 लाख 72 हजार 540 है। साथ ही, तीसरे लिंग के 203 से बढ़कर 286 हो गई हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 100 वर्ष और इससे अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1 हजार 411 है।

दिल्ली

दिल्ली में लोकसभा चुनाव से पहले अंतिम सूची जारी की गई है, जिसमें कुल मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 47 लाख 18 हजार 119 हो गई है। आयोग ने बताया कि इस बार सूची में 18-20 आयु वर्ग के 67 हजार 930 नए मतदाता जोड़े गए हैं। वहीं, इस बार सूची में 2 लाख 54 हजार 470 नए मतदाता जोड़े गए हैं। कुल मतदाताओं में 78 लाख 86 हजार 572 पुरुष, 67 लाख 30 हजार 371 महिलाएं और 1 हजार 176 थर्ड जेंडर के वोटर शामिल हैं।

तमिलनाडु

तमिलनाडु में मतदाता सूची में महिलाओं का वर्चस्व नजर आ रहा है। इस बार मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। तमिलनाडु में मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 18 लाख 90 हजार 348 है, जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। दरअसल, कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाता 3 करोड़ 03 लाख 96 हजार 330, महिला मतदाता 3 करोड़ 14 लाख 85 हजार 724 और थर्ड जेंडर 8 हजार 294 है। थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 2019 में 5,472 से बढ़कर इस बार 8,294 हो गई है।

मणिपुर

पांच साल पहले मणिपुर में 19 लाख 30 हजार मतदाता थे, जिनमें 9 लाख 93 पुरुष और 9 लाख 90 हजार महिलाएं थीं, जिसमें इस बार इजाफा हुआ है। राज्य में 20 लाख 26 हजार मतदाता हैं, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 79 हजार और महिलाओं की संख्या 10 लाख 46 हजार है। वहीं, थर्ड जेंडर की संख्या 239 हो गई है।