पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में घरेलू कामकाज के लिए घर में रखी गई 10 वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला प्रकाश में आया है। दंपती बच्ची को छोटी-छोटी बातों पर पीटते थे और इस्त्री (आयरन) से झुलसा दिया। आरोपित महिला इंडिगो एयरलाइंस में पायलट है और उसका पति एक निजी एयरलाइंस में ग्राउंड स्टाफ है।

बच्ची के शरीर पर मिले चोट और जलने के निशान

द्वारका साउथ पुलिस ने आरोपित कौशिक बागची और उसकी पत्नी पूर्णिमा के खिलाफ प्राथमिकी कर गिरफ्तार कर लिया है। दंपती द्वारका के सेक्टर-8 में किराये के फ्लैट में रहता है। पुलिस का कहना है कि दंपती के घर के पास पीड़ित पक्ष को जानने वाली एक महिला घरेलू सहायिका काम करती है।

उसने ही दंपती के कहने पर बच्ची को घरेलू काम के लिए रखवाया था। बच्ची दंपती के घर पर ही रहती थी। बच्ची को दंपती के छोटे बच्चे की देखरेख के लिए रखा गया था। बाद में उससे अन्य कामकाज भी लिए जाने लगे। आरोप है कि काम के दौरान गलतियां होने पर दंपती बच्ची को डांटने और पीटते थे। एक बार कपड़ों पर सही इस्त्री न करने पर बच्ची जला दिया गया। बच्ची के शरीर पर चोट और जलने के निशान मिले हैं।

ऐसे पता चली घटना

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक दिन सुबह बालकनी में आरोपित महिला बच्ची की पिटाई कर रही थी। तभी वहां से गुजर रही एक किशोरी की नजर बच्ची पर पड़ गई। बच्ची को पिटता देख उसने उसे आवाज लगाई और कहा कि आप नीचे आ जाओ। इस पर बच्ची ने कहा कि वह नीचे नहीं आएगी, दीदी मारेगी।

लोगों का कहना है कि जब बच्ची ने नीचे आने से मना कर दिया तो किशोरी ने आरोपित महिला से बच्ची को पीटने का कारण पूछा। इस पर महिला ने किशोरी को बीच में न आने की चेतावनी दी। इस बीच वहां से अर्धसैनिक बल का एक जवान गुजरा, जिसने बच्ची की रोने की आवाज सुनी। तब तक वहां आसपास के लोग भी जुट गए थे।

बच्ची की पिटाई की बात सुनकर लोग गुस्से में आ गए और महिला से कहा कि बच्ची को वह बाहर निकाले। महिला मना करती रही। इसके बाद कुछ लोग अंदर गए और बच्ची को घर से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दे दी। लोगों ने आरोपित दंपती को पीटा भी। पूरे प्रकरण में इंडिगो ने बयान जारी कर कहा है कि प्रसारित वीडियो में दिख रही कर्मी को डयूटी से हटा दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

वीडियो हो रहा वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में किशोरी समेत कुछ महिलाएं आरोपित महिला और उसके पति की पिटाई कर रही हैं। आरोपित महिला माफी मांग रही है, लेकिन महिलाएं कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हैं। महिला का पति कह रहा है कि मत मारो, इसकी जान जा सकती है। एक बुजुर्ग महिलाओं को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई नहीं सुन रहा है। वीडियो में आरोपित महिला पायलट की वर्दी में नजर आ रही है।

A woman pilot and her husband, also an airline staff, were thrashed by a mob in Delhi's Dwarka for allegedly employing a 10-year-old girl as a domestic help and torturing her.