बेंगलुरु, कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में विपक्षी दलों का जमावड़ा होना शुरू हो गया है। कांग्रेस ने दूसरी विपक्षी एकता बैठक के लिए 25 दलों का समर्थन जुटाया है। बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, महाराष्ट्र की सीएम ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत कई नेता शामिल होंगे। बैठक से पहले कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस ने दावा किया कि 2024 में केंद्र में विपक्ष की सरकार बनेगी। 

जयराम रमेश ने कहा- कल सुबह होगी बैठक

कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी, जयराम रमेश और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सुबह 11 बजे एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान जयराम रमेश ने कहा कि कुछ नेता आज नहीं आ रहे हैं, कल आएंगे। यह बैठक कल सुबह होने वाली है। 11 बजे बैठक शुरु होगी और शाम चार बजे सभी पार्टियों के नेता देश को संबोधित करेंगे, लेकिन हमारी पटना के बैठक के बाद अचानक प्रधानमंत्री को NDA का ख्याल आया। NDA में एक नई जान फूंकने की कोशिश की जा रही है।

केजरीवाल ने खरगे को  दिया धन्यवाद

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को धन्यवाद कहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा,

दिल्ली के लोगों के साथ खड़े होने के लिए खड़गे जी को धन्यवाद। यह अध्यादेश भारत विरोधी और राष्ट्र विरोधी है और इसका डटकर मुकाबला किया जाना चाहिए।

कोई भी व्यक्ति देश से बड़ा नहीं है: मल्लिकार्जुन खरगे

दिल्ली अध्यादेश के विरोध में कांग्रेस के रुख पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति के बारे में नहीं है। अगर देश के लोकतंत्र और संविधान को झटका लगता है, तो यह हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए मिलकर काम करें। कोई भी व्यक्ति देश से बड़ा नहीं है।

पीएम मोदी विपक्ष पर भारी हैं तो 30 पार्टियों को क्यों बुला रहे: खरगे 

एनडीए बैठक पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अगर पीएम मोदी पूरे विपक्ष से ज्यादा मजबूत हैं और वह अकेले ही उनके लिए काफी हैं, तो वह 30 पार्टियों को एक साथ क्यों बुला रहे हैं? इन पार्टियों के नामों का खुलासा करें। क्या वे चुनाव आयोग के साथ पंजीकृत भी हैं? हम जो कर रहे हैं, उससे वे चकित हैं। इसलिए वे अपनी ताकत दिखाने के लिए पार्टियों के गुटों को इकट्ठा कर रहे हैं।

दिल्ली अध्यादेश के विरोध का बैठक से कोई लेना-देना नहीं: पवन खेड़ा

आम आदमी पार्टी के विपक्ष की बैठक में शामिल होने के सवार पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि दिल्ली अध्यादेश का विरोध करने का बैठक से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस हमेशा संवैधानिक ढांचे की रक्षा के लिए खड़ी रही है और हमने हमेशा भाजपा सरकार द्वारा राज्यपालों और उप-राज्यपालों के दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाई है। इसलिए इसे बैठक के साथ जोड़ना गलत होगा।

बाढ़ पर केजरीवाल और कांग्रेस ने एक भी शब्द नहीं बोला: रविशंकर प्रसाद

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली को बाढ़ से बचाने के लिए कुछ नहीं किया...वह केंद्र पर आरोप लगाते रहते हैं...कांग्रेस ने बाढ़ पर एक भी शब्द नहीं बोला...बंगाल में इतनी हिंसा हुई है...बंगाल मुद्दे पर हर कोई चुप है... बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक ने सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को दरकिनार कर दिया है।

2024 में पूरा देश हमें जनादेश होगा: डीके शिवकुमार

संयुक्त विपक्ष की बैठक पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि मुझे लगता है कि कुछ को छोड़कर इस देश की सभी विपक्षी पार्टियां एक अच्छी शुरुआत के लिए एक साथ आई हैं...यह किसी एक राजनीतिक दल की बैठक नहीं है, यह विभिन्न मुद्दों पर पीड़ित 140 करोड़ लोगों के भविष्य के लिए इस देश को आकार दे रही है.... हमें लगता है कि इस समझ और एकता के साथ, हम इसे आगे बढ़ाएंगे और परिणाम सामने आएंगे। जैसे कर्नाटक ने हमें जनादेश दिया, पूरा देश हमें 2024 में जनादेश देगा।

बैठक में तय होगा 2024 का एजेंडा: कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन

कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि आज हमारा वैचारिक मंच क्या होगा, मुद्दे क्या होंगे, 2024 का एजेंडा क्या होगा और हमारी संयुक्त कार्रवाई क्या होगी...इस पर विस्तृत चर्चा होगी...विपक्ष का नाम भी बैठक में ही तय होगा।

विपक्षी दलों में कोई बंधन नहीं है: बसवराज बोम्मई

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बसवराज बोम्मई ने विपक्षी दलों की बैठक पर कि वे (विपक्षी दल) इसे 'महागठबंधन' कह रहे हैं, लेकिन वास्तव में इसमें कोई 'बंधन' नहीं है...उनका एकमात्र उद्देश्य पीएम मोदी को गिराना है, जो असंभव है...जब शून्य में शून्य जोड़ा जाता है, तो यह कुछ भी नहीं होता है। 

एनडीए की बैठक से कोई फर्क नहीं पड़ता: तेज प्रताप यादव

बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक पर बिहार के मंत्री और राजद नेता तेज प्रताप यादव ने कहा कि 2024 (आम चुनाव) और 2025 (बिहार चुनाव) के लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं। महागठबंधन पूरी तरह से बरकरार है। शुरुआत बिहार की धरती से हुई है। बैठक सफल होगी। एनडीए की बैठक पर उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। लोगों ने एनडीए को देख लिया है कि उन्होंने देश को कैसे धोखा दिया है।

बैठक से पहले AAP के बदले सुर

पटना में बैठक से पहले AAP ने अध्यादेश पर कांग्रेस से साफ रूख बताने के लिए कहा था, लेकिन बेंगलुरु में बैठक से पहले 'आप' के सुर बदले नजर आ रहे हैं। राघव चड़ढा ने कहा है कि विपक्षी एकता को देखकर भाजपा को आज नींद नहीं आएगी। वह डरी हुई है। जनता ने इस बार भारतीय जनता पार्टी को परास्त करने का मन बना लिया है।

प्रियांक खरगे ने भी दिल्ली अध्यादेश का किया विरोध

कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने भी दिल्ली अध्यादेश का विरोध किया है। बेंगलुरु में संयुक्त विपक्ष की बैठक में AAP की भागीदारी पर उन्होंने कहा," दिल्ली में क्या हो रहा है, इस पर हम बिल्कुल स्पष्ट हैं। उन्होंने (केंद्र ने) राज्य सरकार की शक्तियां छीनने के लिए जो अध्यादेश का रास्ता अपनाया है, वह ठीक नहीं है। आज ये दिल्ली में हो रहा है, कल ये कर्नाटक में भी हो सकता है। इसलिए, हम केंद्र सरकार के इस तानाशाही रवैये के खिलाफ हैं।