झारखंड के देवघर में अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात करने के क्रम में एक युवक ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

मृतक 36 वर्षीय बंकु महथा नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ले का रहने वाला था। उसकी पत्नी किरण देवी ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसके पति का शहर के कृष्णापुरी मोहल्ला निवासी एक महिला से अवैध संबंध था।

क्या है पूरा मामला

मंगलवार दोपहर को वह उक्त महिला से फोन पर बात कर रहा था। उधर से उक्त महिला काफी गाली-गलौज कर रही थी। वीडियो कॉल करते हुए उसका पति दूसरे कमरे में चला गया।

वह काफी तनाव में था। बात करते हुए उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पंखे के सहारे फांसी लगाकर उसने आत्महत्या कर ली।

फंदे से लटका मिला शव

काफी शोर मचाने पर भी उसने दरवाजा नहीं खाेला। इस बीच अन्य लोग आए और दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे तो देखा कि वह फंदे से लटक रहा है।

उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले गए। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी का आरोप है कि उक्त महिला के कारण उसका पति काफी मानसिक तनाव में था।

इस कारण वह घर में खाना तक नहीं खाता था। वह उसे और उसके दोनों बच्चों को काफी प्रताड़ित करता था। उसने महिला के चक्कर में आत्महत्या कर ली है।

छानबीन में जुटी पुलिस

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है