बारिश और ठंडी हवाओं के थमने से मंगलवार को थोड़ी गर्मी बढ़ी। अब बुधवार को तापमान में और इजाफा होगा। इसके बाद कल रात से बारिश मौसम को फिर कूल-कूल कर देगी। अप्रैल की शुरुआत भी इस बार खुशनुमा मौसम के साथ होगी। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रहा। यह सामान्य है। वहीं न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 35 से 90 प्रतिशत तक रहा। बुधवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रह सकता है।

तापमान अधिक होने की वजह से दोपहर के समय लोगों को गर्मी महसूस होगी। इसके बाद 30 मार्च को बादल छाने से दिन के तापमान में कमी आएगी। रात में बूंदाबांदी शुरू होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम बढ़कर 19 डिग्री तक जा सकता है। इसके बाद 31 मार्च को दिनभर बादल छाए रहेंगे। तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। गर्जन के साथ बौछारें पड़ेंगी। अधिकतम तापमान लुढ़ककर 28 डिग्री पर सिमट सकता है। इससे दिन के समय भी हल्की ठंड का अहसास हो सकता है। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहेगा।