अजमेर के पुष्कर में पूर्व पार्षद व उसके दोस्त को सरेआम गोली मार दी गई। घायलों को स्थानीय हॉस्पिटल में ले जाया गया। वहां से अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल रेफर किया गया। पूर्व पार्षद सवाई सिंह (70) की हॉस्पिटल में मौत हो गई। वहीं, उनके दोस्त राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश तिवाड़ी (68) का इलाज चल रहा है। दोनों ही अजमेर के पलटन बाजार के रहने वाले हैं। पूर्व पार्षद पर पुरानी रंजिश में फायरिंग की बात सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1.45 बजे पूर्व पार्षद सवाई सिंह व उनके दोस्त दिनेश तिवाड़ी पुष्कर के बांसेली गांव स्थित युवराज फोर्ट रिसॉर्ट में बैठे थे। इस बीच दो बदमाश वहां पहुंचे और फायरिंग करने लगे।ग पूर्व पार्षद के सिर में गोली लगी है। उनके दोस्त के पेट पर गोली लगी है। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। एक आरोपी को हिरासत में भी लिया गया है।

फायरिंग कर युवक बोला- बाप की मौत का बदला ले लिया

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें युवराज रिसॉर्ट का गेट दिखाई दे रहा है। वहां भीड़ लगी है। इस बीच एक युवक बोल रहा है कि बाप की मौत का बदला ले लिया। सूत्रों के अनुसार, वीडियो में जिस युवक की आवाज आ रही है, वो सूर्य प्रताप सिंह की है। पुलिस ने सूर्य प्रताप सिंह को हिरासत में लिया है। 31 साल पहले सूर्य प्रताप सिंह के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सवाई सिंह भी आरोपी था। बाद में कोर्ट ने उसे बरी कर दिया था। अब पुलिस सूर्य प्रताप सिंह से पूछताछ कर रही है।

पूर्व पार्षद की मौत की सूचना मिलने पर जेएलएन अस्पताल की मोर्च्युरी पर क्षेत्रीय नेता और परिवार के लोग पहुंचे। भीड़ को बढ़ता देख वहां बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है। सीओ छवि शर्मा, गंज थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह, क्लॉक टावर थाना प्रभारी महावीर प्रसाद व लाइन का जाब्ता तैनात किया गया है।

एसपी चुनाराम जाट, एडिशनल एसपी वैभव शर्मा, प्रशिक्षु आईपीएस सुमित मेहरड़ा सहित तमाम पुलिस के अधिकारी मोर्च्युरी पर मौजूद हैं।पुलिस ने घायल दिनेश तिवारी से घटना की जानकारी ली है।

पुष्कर सीएचसी के डॉ. आदित्य शर्मा ने बताया- पुलिस और ग्रामीण 2 लोगों को घायल हालत में पुष्कर अस्पताल लाए थे। इनके सिर और पेट में गोली लगी थी। हालत गंभीर होने के चलते दोनों को अजमेर रेफर कर दिया गया है।

10 दिन बाद होनी थी बेटे की शादी

सवाई सिंह के बेटे की 16 जनवरी को शादी है। सवाई सिंह 90 के दशक में अजमेर छावनी बोर्ड के पार्षद रह चुके हैं। साथ ही उनके साथ घायल दोस्त दिनेश तिवाड़ी राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हैं। दोनों शादी की तैयारियों को लेकर ही पुष्कर के युवराज रिसॉर्ट आए थे।

मर्डर के केस में बरी हो चुका है पूर्व पार्षद

अक्टूबर 1992 में अखबार चलाने वाले मदन सिंह को श्रीनगर रोड पर गोली मारी गई थी। बाद में उनको जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भी उनपर हमला किया गया था। उनकी मां मौके पर ही थी और उसने एक आरोपी को पकड़ लिया था। आरोपी ने बन्दूक के बट से मां को मारा और बट का हिस्सा टूट गया। वह बन्दूक सुधीर शिव हरे की थी। बाद में इलाज के दौरान मदन सिंह की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने सवाई सिंह को आरोपी बनाया था। साथ ही पूर्व विधायक राजकुमार जयपाल, डॉ. जितेन्द्र चौधरी, नरेन्द्रसिंह पप्सा, सुधीर शिव हरे सहित कई अन्य आरोपी बनाए गए थे। चर्चा थी कि अजमेर के ब्लैकमेल कांड को लेकर छप रही खबरों को लेकर मदन सिंह और आरोपियों में रंजिश थी। बाद में सभी आरोपी गिरफ्तार हुए। लम्बे समय तक मुकदमा चला। बाद में सभी को बरी कर दिया गया था।

सूत्रों के अनुसार, मदन सिंह का बेटा सूर्य प्रताप सिंह बदला लेने के इंतजार में था। शनिवार को मौका देख कर पुष्कर के रिसॉर्ट में फायरिंग कर दी।