कृष्णा सेवा संस्थान ने किया नि:शुल्क परिंडा वितरण योजना का शुभारंभ
चिन्हित स्थानों पर संस्थान के सदस्य स्वयं लगाएंगे परिंडे : दवे
बढ़ती गर्मी और तपते तापमान को देखते हुए बेजुबान पक्षियों को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से कृष्णा सेवा संस्थान द्वारा नि:शुल्क परिंडा वितरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस पुनीत कार्य की शुरुआत कनाना मठ महंत परशुराम गिरी महाराज व संगम गिरी महाराज के सानिध्य में व संस्थान मार्गदर्शक पारसमल भंडारी की उपस्थिति में उनके कर कमलो द्वारा पूजा-अर्चना के साथ की गई।
अभियान के बारे में जानकारी देते हुए संस्थान के अध्यक्ष धर्मेंद्र दवे ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में दाना-पानी के अभाव में पक्षियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इसी मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए संस्थान ने इस वर्ष बड़े स्तर पर परिंडे लगाने का लक्ष्य रखा है।
दवे ने स्पष्ट किया कि केवल परिंडे वितरित करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि संस्थान के सदस्य स्वयं विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और पेड़ों पर जाकर इन परिंडों को लगाएंगे।
कृष्णा अणुव्रत सेवा समिति उपाध्यक्ष अशोक श्रीमाली ने कहा कि सदस्यों को यह जिम्मेदारी भी सौंपी गई है कि वे नियमित रूप से इन परिंडों में पानी भरने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
गौतम चौपड़ा ने कहा कि संस्थान ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने घरों की छतों और बालकनियों में परिंडे लगाएं ताकि इस तपती गर्मी में किसी भी पक्षी की प्यास के कारण जान न जाए।
पारस भंडारी ने कहा कि इस वर्ष संस्थान द्वारा गर्मी में राहत प्रदान करने के उद्देश्य से अस्थायी प्याऊ लगवाना, निशुल्क परिंडे वितरण व खेलिया लगवाने का कार्य संचालित किया जा रहा है जिससे आमजन को राहत मिल रही है।
संस्थान द्वारा कनाना ग्राम में सैकड़ो परिंडे निशुल्क वितरित किए गए है।
महंत परशुराम गिरी ने कहा कि संस्थान के इस सेवाभावी कार्य की सराहना करते हुए इसे जीव दया की दिशा में एक अनुकरणीय कदम बताया।उन्होंने कहा कि संस्थान पिछले कई वर्षो से सेवा कार्यों व धार्मिक कार्यों में सहयोग कर रही है जो कि सराहनीय है।
इस अवसर पर विमल मालवीय,आनंद मेहता,आनंद दवे, अमित दवे, विपिन दवे, दमन त्रिपाठी, सुनील दवे, योगेश दवे सहित सदस्य उपस्थित रहे।