बाखासर में गूंजेगा ‘रण और राग’ का अद्भुत संगम
बाड़मेर- थार के सफेद रण बाखासर में 26 मार्च को लोक संस्कृति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जब रूमा देवी फाउंडेशन द्वारा सायं 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक भव्य “रण वाणी उत्सव” संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों सहित दूर-दराज़ के जिलों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
तीन दिवसीय वाणी उत्सव 2026 का शुभारंभ बाखासर के इस अनूठे रण से होगा, जहां पहली बार वीणा की मधुर ध्वनि के साथ पारंपरिक वाणी गायकी की प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। कार्यक्रम में श्रेष्ठ कलाकारों को लाखों रुपये के पुरस्कार एवं विशेष रूप से वीणा भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश सहित देशभर के सैकड़ों प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से रण को सुरों से सराबोर करेंगे।
स्थानीय गणमान्य जनो की गरिमामय उपस्थिती में कच्छ के मुरालला मारवाङा, केलम दरिया, कविता पोटलिया सहित 40 से अधिक भजन गायको द्वारा एक के बाद एक सुरमयी प्रस्तुति सुनने को मिलेगी।
वाणी उत्सव का यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि बाखासर रण को पर्यटन की दृष्टि से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। रूमा देवी फाउंडेशन का उद्देश्य इस क्षेत्र को भविष्य में पर्यटन हब एवं संभावित औद्योगिक (सूखा बंदरगाह) केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों को बल देना भी है।
उत्सव के आगामी चरण में 29 व 30 मार्च को बाड़मेर शहर में भव्य भजन प्रतियोगिता एवं “दानजी भजनी पुरस्कार समारोह” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर के प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रम से पूर्व आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रूमा देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि “वाणी गायकी हमारी समृद्ध लोक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो आज लुप्त होती जा रही है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है।”
प्रेस वार्ता को प्रसिद्ध भजन गायक केहराराम सणपा, हिराराम मालिया, मूलाराम फतेहगढ़ एवं उम्मेद सिंह ने भी संबोधित करते हुए आयोजन की सराहना की और इसे लोक संस्कृति के पुनर्जागरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होने बताया कि हजारों की संख्या में श्रोता इस संगीत संध्या के साक्षी बनेंगे, जिससे पूरा रण क्षेत्र “रण और राग” के अद्भुत माहौल में डूब जाएगा।