लोकल फॉर वोकल और मतदाता पुनरीक्षण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
बालोतरा, 09 नवंबर। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत आज विधानसभा क्षेत्र सिवाना में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन डॉ. लक्ष्मी मिला सिंघवी ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। सम्मेलन में मुख्य वक्ता हमीर सिंह भायल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
विधायक हमीर सिंह भायल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र लोकल फॉर वोकल का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पाद ही देश की प्रगति का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भारत में निर्मित वस्तुओं का उपयोग करने का आग्रह किया।
श्री भायल ने राजस्थान सरकार द्वारा सिवाना विधानसभा क्षेत्र में विगत 22 माह में करवाए गए विकास कार्यों के पम्पलेट और पोस्टर का विमोचन कर जनता को समर्पित किया। उन्होंने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं और आमजन से आगामी बजट के सुझाव भी मांगे। उन्होंने जल्द ही विधायक जन सुनवाई केंद्र की स्थापना कर आमजन के कार्यों को प्राथमिकता देने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता के काम नहीं करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों की विधानसभा क्षेत्र में कोई जगह नहीं है, क्योंकि उनके लिए जनता सर्वाेपरि है। उन्होने सिवाना की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे सतत प्रयास कर जनता के उपकार का कर्ज उतारने का प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने भी महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पूर्व विधायक कानसिंह ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया और सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। भवानी सिंह टापरा ने स्थानीय उत्पादन को काम में लेने पर जोर दिया और बताया कि जीएसटी में आमजन को दी गई छूट का लाभ किसान, व्यापारी, अधिकारी, कर्मचारी, मजदूर सहित सभी वर्गों को मिलेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला प्रवक्ता सोहन सिंह ने किया, जबकि मंडल अध्यक्ष जगदीश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में सभी जिला पदाधिकारी, मंडल सदस्य और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।