पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही होलिका दहन में गोकाष्ठ का उपयोग करने के लिए पिछले कुछ वर्षों से मोक्षधरा फाउंडेशन की ओर से आमजन को प्रेरित किया जा रहा है। लकड़ी की जगह अधिक से अधिक गोकाष्ठ उपयोग में लिये जाने की बात कही जा रही है। इसी क्रम में मोक्षधरा फाउंडेशन की ओर से होलिका दहन गोकाष्ठ के पोस्टर का विमोचन शनिवार को संस्था के एडवाइजरी बोर्ड सदस्य व दी एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक गोविंद राम मित्तल, भाटिया एंड कंपनी के डायरेक्टर प्रेम भाटिया, जैन श्वेताम्बर सोशल संस्था के अध्यक्ष टैक्स एडवोकेट बी.सी.बाबेल, सामाजिक कार्यकर्ता हेमलता गांधी व मानव सेवा समिति हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. एस.के.सिंघल द्वारा किया गया। 

मोक्षधरा फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष परितोष गोविल ने बताया कि होलिका दहन, हवन, यज्ञ, धार्मिक अनुष्ठान से लेकर अंतिम संस्कार तक गोकाष्ठ का प्रयोग बढ़ रहा है। लकड़ी महंगी होने से इसकी मांग बढ़ी है। होलिका दहन के लिए संस्था की ओर से बुकिंग प्रारंभ कर दी गई है। संस्था द्वारा आमजन से होलिका दहन में गोकाष्ठ का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की जा रही है ताकि पर्यावरण और जैविक विविधता के संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।