पाली जिले के देसूरी नाल में रविवार सुबह 10.30 बजे स्कूली बच्चों से भरी बस बेकाबू होकर पलट गई। बस में 55 बच्चे सवार थे। इनमें से 3 बच्चियों की मौत हो गई। एक गंभीर घायल है। हादसे में घायल 14 बच्चों को देसूरी हॉस्पिटल ले जाया गया।जानकारी के अनुसार बस चारभुजा से देसूरी की ओर जा रही थी। राछिया (आमेट) के महात्मा गांधी स्कूल के बच्चों को परशुराम महादेव मंदिर ले जाया जा रहा था। पंजाब मोड घाटी में बस बेकाबू होकर पलट गई।हादसे की सूचना पर देसूरी और चारभुजा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को बस से निकाला। मौके पर तीन बच्चियों की मौत हो चुकी थी। घायलों को एंबुलेंस से चारभुजा और देसूरी के हॉस्पिटल पहुंचाया गया।देसूरी हॉस्पिटल में 14 बच्चों का इलाज चल रहा है। अस्पताल को सूचना मिलते ही पूरा मेडिकल स्टाफ इमरजेंसी सेवाओं में जुट गया। घायलों के इलाज के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई गई।देसूरी हॉस्पिटल में भर्ती एक घायल बच्चे विनोद ने बताया- हम परशुराम मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। साथ में टीचर्स भी थे। बस में 55 बच्चे थे। पंजाब मोड घाटी में बस के ब्रेक फेल हो गए। फिर बस पलट गई।