उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ और तेज होती हवा ने राजस्थान में सर्दी बढ़ा दी है। 9 से 11 दिसंबर तक प्रदेश में शीतलहर (कोल्ड वेव) चलने की चेतावनी जारी की गई है। 11 दिसंबर को सबसे ज्यादा 5 जिलों में ठंड (कोल्ड वेव) का असर रहेगा। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सीकर, हनुमानगढ़, चूरू में रात का पारा गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक आ गया।मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने रविवार (आज) गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों में बादल छाने की संभावना जताई है। शनिवार को राजस्थान के सभी शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। जयपुर में सीजन की सबसे सर्द रात रही। यहां पहली बार पारा सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। राजस्थान में शनिवार को 11 शहरों में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। इसमें राजधानी जयपुर भी शामिल है। यहां पहली बार पारा सिंगल डिजिट (10 डिग्री से नीचे) 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में बीती रात हल्की सर्द हवा भी चली। दिन में आसमान साफ रहा। यहां अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया।जयपुर के अलावा कल (शनिवार) अजमेर का न्यूनतम तापमान 8.8, अलवर का 6.6, पिलानी का 6.3, सीकर का 5, बाड़मेर का 13.7, जैसलमेर का 10.2, बीकानेर का 12.2, चूरू का 5.6, गंगानगर का 8 और हनुमानगढ़ का 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शेखावाटी बेल्ट में पारा 5 डिग्री सेल्सियस आने के कारण यहां ठिठुरन बढ़ गई। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है।