पाकिस्तानी नागरिक अब बिना सिक्योरिटी क्लीयरेंस के भी बांग्लादेश में एंट्री कर सकेंगे। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा अप्लाई करने से पहले सिक्योरिटी क्लीयरेंस की शर्त को खत्म कर दिया है। लोकल मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के गृह मंत्रालय के सिक्योरिटी सर्विसेज डिवीजन (SSD) ने विदेश मंत्रालय को इस बारे में जानकारी दी।पाकिस्तानी नागरिकों को साल 2019 से बांग्लादेशी वीजा अप्लाई करने से पहले SSD से नॉन ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट लेना जरूरी था। वहीं भारतीय नागरिकों को बांग्लादेश का वीजा देने में कटौती की जा रही है। ढाका ने इसे लेकर बांग्लादेश के कोलकाता मिशन को आदेश भेजा है। बांग्लादेश और भारत के रिश्तों में तल्खी लगातार बढ़ती जा रही है। बांग्लादेश के फॉरेन एडवाइजर तौहीद हुसैन ने भी इस बदलाव को स्वीकार किया। उन्होंने कहा-5 अगस्त के बाद भारत के साथ संबंधों में बदलाव आया है और यह हकीकत है। मेरा मानना है कि भारत यह समझ जाएगा कि बदले हुए हालात में बांग्लादेश के साथ रिश्तों को कैसे आगे बढ़ाया जाए।मोहम्मद युनूस की सरकार लगातार पाकिस्तान के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश कर रही है। पिछले महीने ही पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच सीधे समुद्री संपर्क की शुरुआत हुई थी। तब पाकिस्तान के कराची से एक कार्गो शिप बंगाल की खाड़ी होते हुए बांग्लादेश के चटगांव पोर्ट पर पहुंचा था।