असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को बीजेपी की बैठक के बाद मीडिया से कहा- वे राज्य में गोमांस पर प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार हैं,बशर्ते कांग्रेस इसे लिखित में दे। दरअसल, सामगुरी सीट पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान हुआ था। 23 नवंबर को रिजल्ट आने के बाद कांग्रेस की हार पर सांसद रकीबुल हुसैन ने भाजपा पर बीफ बांटने का आरोप लगाया।सरमा ने कहा कि उन्हें खुशी है कि विपक्षी पार्टी ने इस मुद्दे को उठाया। कांग्रेस सांसद खुद मानते हैं कि बीफ बांटना गलत है। अगर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बुपेन कुमार बोरा उन्हें पत्र लिखकर इसकी मांग करते हैं तो वह बैन को तैयार है।पिछले महीने हुए उपचुनाव में भाजपा के दिप्लू रंजन सरमा ने कांग्रेस के सांसद रकीबुल के बेटे तंजील को 24,501 वोटों से हराया था। इस सीट पर लगातार पांच बार से कांग्रेस जीत रही थी। सांसद की कथित टिप्पणी पर सरमा ने कहा, लेकिन दुख के बीच रकीबुल हुसैन ने एक अच्छी बात कही कि गोमांस खाना गलत है, है न? उन्होंने कहा कि कांग्रेस-भाजपा द्वारा मतदाताओं को गोमांस देकर चुनाव जीतना गलत है।