मणिपुर में मैतेई संगठन अरमबाई टेंगोल के सुप्रीमो कोरो नगनबा खुमान और कुकी उग्रवादी राष्ट्रीय जांच एजेंसी की रडार पर हैं। NIA मणिपुर में सुरक्षा बलों पर हमलों और IED विस्फोट के चार मामलों की जांच कर रही है।इनमें इंफाल में फर्स्ट मणिपुर राइफल्स कैंपस से हथियार और गोला-बारूद की लूट, मोरेह में भारतीय रिजर्व बटालियन चौकी पर हमला और बिष्णुपुर में IED विस्फोट शामिल हैं।गृह मंत्रालय ने हाल ही में NIA को चारों मामलों की जांच करने कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने भी इन मामलों को इंफाल की NIA कोर्ट से गुवाहाटी की NIA स्पेशल कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया है।इधर, पुलिस स्टेशन और विधायकों के घरों पर हमला करने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 16 नवंबर को विधायकों के घरों में आग लगाने के मामले में चोंगथम थोइचा नाम के शख्स को अरेस्ट किया गया था। 27 नवंबर को भी काकचिंग पुलिस स्टेशन और पुलिस कर्मियों पर हमला करने के मामले में गुरुवार को 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।मैतेई समुदाय की 6 महिलाओं और बच्चों के शव नदियों में पाए जाने के बाद गुस्साई भीड़ ने इंफाल घाटी में कई विधायकों के घरों में तोड़फोड़ की थी।11 नवंबर को जिरीबाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के बाद कुकी उग्रवादियों ने 6 लोगों का अपहरण कर लिया था। बाद में हुई गोलीबारी में दस कुकी विद्रोही भी मारे गए थे।