कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक बार फिर रणथंभौर में छुट्टियां मनाने पहुंचीं हैं। मंगलवार दोपहर को प्रियंका गांधी वाड्रा पूरे लवाजमे के साथ रणथंभौर पहुंचीं। वह यहां एक पांच सितारा होटल में रूकी हैं। इस दौरान यहां पर सुरक्षा के माकूल इंतजाम देखने को मिले है।वायनाड़ चुनाव के बाद मंगलवार को दोपहर करीब 12:30 बजे कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी सास मोरिन वाड्रा, पति रॉबर्ट वाड्रा, बेटा रेहान वाड्रा, बेटी निराया वाड्रा के साथ रणथम्भौर पहुंचीं। सभी लोग यहां तारा होटल शेरबाग में ठहरे हुए हैं। इस दौरान इनका यहां पर रणथंभौर में टाइगर सफारी करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी वाड्रा 5 दिन के राजस्थान दौरे पर आई हुई हैं। जिसमें से 3 दिन वह सवाई माधोपुर में रूकेगी। इस दौरान वह रणथम्भौर में सुबह और शाम की पारी में टाइगर रिजर्व में सफारी का आनंद लेंगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी प्रियंका गांधी वाड्रा रणथंभौर में अक्सर आती रही हैं। वह अपना बर्थडे भी रणथंभौर में सेलिब्रेट कर चुकी हैं। वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी अपने भाई राहुल गांधी और मां सोनिया गांधी के साथ होटल शेरबाग में ही रूकी थीं।