महाराष्ट्र विधानसभा की सभी 288 और झारखंड में दूसरे फेज की 38 सीटों के साथ ही 4 राज्यों की 15 विधानसभा और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर बुधवार को उपचुनाव होंगे।इन 15 में से 13 सीटों पर विधायकों के सांसद बनने, 1 के निधन और 1 के जेल जाने से ये सीटें खाली हुई हैं। इनमें 2 सीटें SC के लिए आरक्षित हैं। उत्तर प्रदेश की सबसे ज्यादा 9 सीटों पर वोटिंग होनी है।15 सीटों में से भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के पास 4-4 और आम आदमी पार्टी (AAP), राष्ट्रीय लोकदल (RLD) और निषाद पार्टी के पास 1-1 सीट थी।महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन से खाली है। लोकसभा चुनाव के सिर्फ दो महीने बाद ही अगस्त, 2024 में उनका देहांत हो गया था। पार्टी ने उनके बेटे रवींद्र चव्हाण को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा ने डॉ. संतुक हंबार्डे को उतारा है।पहले 3 राज्यों की 14 सीटों पर 13 नवंबर को ही वोटिंग होनी थी, लेकिन गुरुनानकदेव जी के प्रकाश पर्व और कलपाथि रास्थोलसेवम त्योहारों की वजह से चुनाव आयोग ने तारीख में बदलाव किया था।