राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में भी मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी पड़ रही है। रविवार को पश्चिमी जिलों में तेज गर्मी रही। बाड़मेर-बीकानेर में तो तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अब तक ऐसा कम ही देखने को मिला है, जब अक्टूबर के आखिरी सीजन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस गया हो। मौसम विशेषज्ञों ने इतनी गर्मी के पीछे कारण हवा का वेस्ट डायरेक्शन होना बताया है।अक्सर अक्टूबर के मध्य के बाद राजस्थान में हवा का डायरेक्शन उत्तर-पश्चिमी हो जाता है, जिसके कारण अक्टूबर मध्य के बाद राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में हल्की ठंड की शुरुआत हो जाती है। वर्तमान में राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में हवा पाकिस्तान, बलूचिस्तान के एरिया से आ रही है, जो गर्म है।इस कारण पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में कल सबसे ज्यादा तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जैसलमेर, जोधपुर, जालोर, फलोदी में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। पिलानी, सीकर, अजमेर, फतेहपुर में भी कल दिन के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हुआ।