चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव 2024 (Haryana Election 2024) की सभी 90 सीटों पर आज यानी शनिवार को मतदान हो रहा है। एक तरफ जहां भाजपा हैट्रिक लगाने का प्रयास कर रही है तो, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस अपने वापसी की राह देख रही है। आज मतदान के दौरान भी नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। आइए नजर डालते हैं मतदान के दिन की अब तक की 10 बड़ी घटनाओं पर...

अब तक की 10 बड़ी बातें

1. हरियाणा की सभी 90 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। प्रदेश की 90 सीटों पर 1031 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 930 पुरुष और 101 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतदान के दौरान महिलाओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है।

2. पीएम मोदी ने हरियाणा के लोगों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि वे लोकतंत्र के इस पावन उत्सव का हिस्सा बनें और मतदान का एक नया रिकॉर्ड कायम करें। इस अवसर पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी विशेष शुभकामनाएं।