अयोध्या में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने गोवंश को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- गो माता को लेकर BJP का दोहरा चरित्र अब नहीं चलेगा। उनके नेताओं को अपना एजेंडा साफ करना होगा। हम गौ प्रतिष्ठा आंदोलन का ऐलान कर चुके हैं।इसके साथ 2 संकेत मिले हैं। हमारी यात्रा का नगालैंड के BJP अध्यक्ष ने विरोध किया। लेटर जारी करके कहा, हमारी संस्कृति का हिस्सा है कि हम गाय को काटे और खाएं। अगर आप गाय की बात को लेकर नगालैंड आते हैं, तो स्टेट में आपको प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।इधर, उन्हीं की पार्टी के संसदीय दल का नेता (प्रधानमंत्री), गाय के बच्चे को दुलारते हैं, पुचकारते हैं। फूल की माला पहना रहे हैं। चुनरी ओढ़ाते हुए दिखते हैं। गोद में लेकर चूम रहे, अपना गाल चाटने दे रहे। यह सब बड़ा लाड़-प्यार वाला सीन है। अब दोनों लोग एक ही पार्टी के हैं। लेकिन, उनके काम एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। विचारधारा भी अलग-अलग दिखती है। इसलिए BJP अपना एजेंडा साफ कर दे।