कर्नाटक के राजराजेश्वरी नगर से भाजपा विधायक मुनिरत्न के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना एक पर्सनल रिसॉर्ट में हुई। विधायक सहित 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।मुनिरत्न पहले से न्यायिक हिरासत में हैं। उन पर एक कॉन्ट्रैक्टर को धमकाने, गाली देने और मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने मुनिरत्न को 14 सितंबर को अरेस्ट किया था। वह 30 सितंबर तक ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं। भाजपा विधायक मुनिरत्न पर एक दलित कांट्रैक्टर चेल्वाराजू को जान से मारने की धमकी देने, जातिसूचक अपशब्द कहने और रिश्वत मांगने का आरोप है।विधायक के खिलाफ व्यालिकावल पुलिस स्टेशन में 13 सितंबर को 2 केस दर्ज हुए थे। उन्हें कोलार जिले के मुलबागल कस्बे के पास नांगली गांव से गिरफ्तार किया गया था। ठेकेदार चेल्वाराजू ने कहा था कि विधायक ने उससे 30 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। ठेकेदार का आरोप है कि विधायक ने पैसे न देने पर उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने की धमकी दी थी। पैसे न देने पर मारपीट की। साथ ही गाली-गलौज भी की।मामला 2021 का है। विधायक ने सॉलिड वेस्ट डिस्पोजल कॉन्ट्रैक्ट के लिए ठेकेदार से पहले 20 लाख रुपए की मांग की थी। ठेकेदार चेल्वाराजू ने इसका ऑडियो क्लिप भी जारी किया है।पुलिस ने बताया कि विधायक के खिलाफ दो FIR दर्ज हुई हैं। इनमें एक ठेकेदार और दूसरी नगर निगम के पार्षद ने दर्ज कराई है।