पैरोल पर बाहर आए हिस्ट्रीशीटर ने पिता की हत्या के आरोपी की पत्नी का गोली मारकर मर्डर कर दिया। हिस्ट्रीशीटर ने महिला के घर में घुसकर फायरिंग की। गोली लगने से महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। मौका देखकर हिस्ट्रीशीटर फरार हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मामला सिंघाना थाना क्षेत्र का है।महिला के जेठ देशराज ने बताया- बुधवार शाम करीब 6 बजे मैं पशुओं को चारा डाल रहा था। मेरे छोटे भाई वेद प्रकाश की पत्नी सजना देवी (45) घर में काम कर रही थी। इस दौरान थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर उमेश यादव अपने एक साथी के साथ उनके घर में घुस गया और सजना को गोली मार दी।फायरिंग की आवाज सुनकर मैं घर के अंदर पहुंचा तो वहां सजना खून से लथपथ पड़ी थी। आरोपी खेत की ओर भाग गए थे। आसपास के लोगों की मदद से गंभीर घायल सजना को एंबुलेंस से सिंघाना अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर महिला को झुंझुनूं के गवर्नमेंट बीडीके हॉस्पिटल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर थाना अधिकारी कैलाश चंद यादव मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। थाना अधिकारी कैलाश चंद यादव ने बताया- आरोपी की तलाश की जा रही है। जगह-जगह नाकाबंदी कराई गई है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस के अनुसार, उमेश यादव सिंघाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उमेश और सजना के पति वेद प्रकाश के बीच रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि 26 अक्टूबर 2021 को सांतड़िया के पास खेतों में बने फार्म हाउस पर वेद प्रकाश ने उमेश के पिता हरफूल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान उमेश जयपुर सेंट्रल जेल में बंद था। जब उमेश पिता की अंत्येष्टि पर आया तो उसने पिता की हत्या का बदला लेने की बात कही थी।जयपुर सेंट्रल जेल में बंद उमेश 20 दिन पहले ही पैरोल पर बाहर आया था। आज मौका देखकर उमेश ने सजना पर गोली चला दी।पुलिस ने बताया- सजना का शव झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंपा जाएगा।