बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा हुई। रविवार देर रात होमगार्ड (अंसार ग्रुप) और स्टूडेंट के बीच झड़प हो गई। द डेली स्टार के मुताबिक झड़प में 50 लोग घायल हुए हैं। दरअसल अंसार ग्रुप पिछले दो दिनों से प्रदर्शन कर रहा था। अंसार ग्रुप एक पारामिलिट्री फोर्स है। अंसार ग्रुप की मांग है कि उनकी नौकरियों को स्थायी किया जाए।अंसार ग्रुप के कई सदस्य सचिवालय पहुंच गए। उन्होंने गेट बंद कर दिया। किसी भी सरकारी अधिकारी को बाहर आने नहीं दिया। अंतरिम सरकार में मंत्री नाहिद इस्लाम और स्टूडेंट संगठन के कुछ सदस्य भी अंदर कैद हो गए। उन्होंने फेसबुक के जरिए सैकड़ों छात्रों से सचिवालय आने की अपील की।जब भारी संख्या में छात्र सचिवालय की ओर बढ़े तो वहां पहले से मौजूद अंसार ग्रुप के मेंबर्स से उनकी भिड़ंत हो गई। दोनों तरफ से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और सेना को तैनात किया गया है। स्टूडेंट्स का आरोप है कि, अंसार ग्रुप बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना के एजेंट के तौर पर काम कर रहा है। इससे पहले दिन में अंसार ग्रुप ने अंतरिम सरकार के गृह मामलों के सलाहकार जहांगीर आलम चौधरी के आश्वासन के बाद अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया था। हालांकि, तनाव अभी भी बना हुआ है क्योंकि छात्रों ने अंसार बल पर समझौते से मुकरने का आरोप लगाया है।छात्र संगठन के नेता और अंतरिम सरकार में मंत्री नाहिद इस्लाम ने अंसार ग्रुप के प्रदर्शन को एक बड़ी साजिश का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।