रात को सोते समय सांप के काटने से डेढ़ साल की मासूम की मौत हो गई। घटना बूंदी जिले के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र की है। कोटा एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मासूम दीक्षा 1 साल 10 महीने की थी। पिता करन ने बताया कि वह बेलदारी का काम करता है। वार्ड नम्बर 6 में खरनिया बस्ती में टापरी में रहता है। घटना सोमवार रात 10 बजे के आसपास की है। वो अपनी पत्नी व बेटी के साथ टापरी में सो रहा था। उसी दौरान टापरी की छत से काले रंग का सांप अंदर आ गया। बेटी के सिर पर काट लिया। पता लगते ही सांप को मारा। फिर बेटी को इलाज के लिए केशवरायपाटन हॉस्पिटल ले गए। जहां से उसे कोटा रेफर किया। कोटा में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दीक्षा इकलौती बेटी थी। केशवरायपाटन थाना ASI शक्ति सिंह ने बताया कि रात को टापरी में सोते वक्त सांप ने मासूम को काट लिया। परिजन इलाज के लिए कोटा लाए थे। मासूम की मौत हो गई। परिजनों की रिपोर्ट के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।