मारुति सुजुकी की पहली एसयूवी होगी जिसे जापान में लॉन्च किया जाएगा। कंपनी इस मॉडल को विशेष रूप से अपने गुजरात प्लांट से तैयार करती है। जुलाई 2023 में कंपनी ने लैटिन अमेरिका मध्य पूर्व और अफ्रीका जैसे गंतव्यों के लिए फ्रोंक्स का निर्यात शुरू किया। लॉन्च के बाद से फ्रोंक्स ने घरेलू और निर्यात बाजारों में 2 लाख से अधिक यूनिट की कुल बिक्री दर्ज की है।

Maruti Suzuki India ने मंगलवार को कहा कि उसने जापान को अपने स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल(SUV) फ्रॉन्क्स का निर्यात शुरू कर दिया है। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने एक बयान में कहा कि गुजरात के पीपावाव बंदरगाह से 1,600 से अधिक वाहनों की पहली खेप जापान के लिए रवाना हुई।

जापानी मार्केट में होगी लॉन्च 

कंपनी ने कहा कि फ्रॉन्क्स, मारुति सुजुकी की पहली एसयूवी होगी जिसे जापान में लॉन्च किया जाएगा। कंपनी इस मॉडल को विशेष रूप से अपने गुजरात प्लांट से तैयार करती है। फ्रॉन्क्स मारुति सुजुकी का दूसरा मॉडल है, जिसे जापान को निर्यात किया जा रहा है। इससे पहले 2016 में बलेनो को जापान में निर्यात किया गया था।मारुति सुजुकी में करीब 58 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाली सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन इस साल के अंत में जापानी बाजार में फ्रॉन्क्स को पेश करने की योजना बना रही है। मारुति सुजुकी इंडिया के एमडी और सीईओ हिसाशी टेकाउची ने कहा कि जापान दुनिया में सबसे अधिक गुणवत्ता के प्रति सजग और उन्नत ऑटोमोबाइल बाजारों में से एक है। जापान को हमारा निर्यात मारुति सुजुकी की विश्व स्तरीय वाहनों के निर्माण की क्षमता का प्रमाण है जो अत्याधुनिक तकनीक, असाधारण प्रदर्शन, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का उदाहरण हैं।

Maruti Suzuki Fronx में क्या खास?

उन्होंने कहा कि फ्रोंक्स में बेहतरीन इंजीनियरिंग और डिजाइन की झलक मिलती है और यह भारतीय ऑटो विनिर्माण उत्कृष्टता का प्रतीक है। टेकाउची ने कहा कि मुझे विश्वास है कि जापानी ग्राहकों द्वारा इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी।

ऑटो एक्सपो 2023 में वैश्विक स्तर पर पेश की गई फ्रोंक्स को 24 अप्रैल, 2023 को भारत में लॉन्च किया गया। ये एसयूवी लॉन्च होने के 10 महीने के अंदर सबसे तेज 1 लाख बिक्री करने वाला देश का पहला मॉडल बन गया।