ऑकलैंड। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को कहा कि न्यूजीलैंड के साथ राजनयिक संबंधों को और मजबूत करने और प्रवासी भारतीयों की सुविधा के लिए भारत जल्द ही ऑकलैंड में एक वाणिज्य दूतावास खोलेगा। वह ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के एक समारोह को संबोधित कर रही थीं।

न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायोग वेलिंग्टन में है। न्यूजीलैंड की आबादी में भारतीय मूल के लोग छह प्रतिशत हैं। देश की पहली यात्रा पर उन्होंने कहा, "न्यूजीलैंड के साथ भारत के संबंध गहरे और बहुआयामी हैं।"

भारतीयों ने न्यूजीलैंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

भारतीय प्रवासियों ने न्यूजीलैंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्रपति ने कहा कि न्यूजीलैंड में जीवन के हर क्षेत्र में आपका प्रभाव काफी स्पष्ट है। उन्होंने व्यवसाय, स्वास्थ्य शिक्षा और आईटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले भारतीयों की प्रशंसा की।

द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा

उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत और बलिदान से प्रवासी भारतीयों ने देश के विकास और अर्थव्यवस्था में योगदान दिया है। मुर्मु ने कहा कि उन्होंने गवर्नर जनरल डेम सिंडी किरो, प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और उपप्रधान मंत्री विंस्टन पीटर्स के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की।