कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिली। परिजन निजी हॉस्पिटल लेकर गए लेकिन मौत हो गई। विवाहिता के पीहर पक्ष वालों ने पति पर मारपीट का आरोप लगाया है।

उद्योगनगर थाना ASI हरवीर सिंह ने बताया परिजन निजी हॉस्पिटल लेकर गए थे, जहां उसे उसे एमबीएस हॉस्पिटल रेफर किया गया। पति-पत्नी में कहासुनी होने की बात सामने आई है। पंचनामे की कार्रवाई में महिला का भाई मौजूद था। अभी पीहर पक्ष ने शिकायत नहीं दी। पीहर पक्ष के बयान लिए जाएंगे। विवाहिता नीरू प्रजापति (32) अपने पति महेंद्र व दो बच्चों के साथ शिवाजी नगर कंसुआ इलाके में रहती थी। उसके भाई अभिषेक ने बताया- बहन की शादी साल 2009 में कोटा निवासी महेंद्र के साथ हुई थी। जीजा महेंद्र के कैथून में ईंट भट्टे का काम है। जीजा शराब का आदि है। अक्सर शराब के नशे में बहन नीरू से मारपीट करता था। कई बार बहन ने फोन पर मारपीट की बात बताई। मारपीट से परेशान होकर कुछ महीने पहले अपने मायके छबड़ा आ गई थी। महेंद्र छबड़ा आया और होटल में बहन को बुलाकर मारपीट की। फिर उसे अपने साथ कोटा ले आया। आज सुबह साढ़े 10 बजे करीब जीजा के साथी ने फोन करके बहने के फांसी लगाने की सूचना दी। परिवार सहित छबड़ा से कोटा आए। बहन के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस ने हमारी शिकायत नहीं ली है। जीजा की मारपीट से बहन डिप्रेशन में थी।

पति महेंद्र ने बताया- वह सुबह ईंट भट्टे पर चला गया था। साढ़े 9 बजे के करीब छोटे भाई ने फोन पर जानकारी दी। पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बात पर कहासुनी होती रहती है। नीरू ने किस तनाव में फांसी लगाई। इस बारे में जानकारी नहीं।