माला सिन्हा जी को जब पता चला कि उनकी बेटी प्रतिभा एक शादीशुदा इंसान के चक्कर में पड़ गई हैं, तो उन्हें बेटी पर बड़ा गुस्सा आया। उन्हें ये बात कतई नामंज़ूर थी कि उनकी बेटी, जिसने अपना फिल्मी सफर अभी शुरू ही किया है, वो किसी शादीशुदा मर्द के प्यार में पड़े। वो शादीशुदा मर्द था संगीतकार जोड़ी नदीम-श्रवण वाले नदीम। चूंकि आज प्रतिभा सिन्हा का जन्मदिन है तो चलिए, नदीम श्रवण संग उनके उस रिश्ते की कहानी जानते हैं जो सालों पहले बना और टूट गया।

प्रतिभा सिन्हा का जन्म 4 जुलाई 1969 को कोलकाता में हुआ था। उनकी मां माला सिन्हा तो थी ही अपने समय में फिल्म इंडस्ट्री की बहुत बड़ी एक्ट्रेस। इसलिए ये पहले ही तय था कि प्रतिभा सिन्हा भी कभी ना कभी फिल्मों में ही काम करेंगी। साल 1992 में आई महबूब मेरे महबूब नामक फिल्म में पहली दफा प्रतिभा सिन्हा नज़र आई थी। उसी दौर में और भी कुछ बॉलीवुड डॉटर्स ने फिल्म इंडस्ट्री में अपना आगाज़ किया था। वो थी करिश्मा कपूर, रवीना टंडन और पूजा भट्ट।

प्रतिभा की पहली फिल्म महबूब मेरे महबूब फ्लॉप हो गई। मगर प्रतिभा का बोल्ड अवतार ज़रूर लोगों ने नोटिस किया। प्रतिभा की दूसरी फिल्म थी कल की आवाज़। ये फिल्म भी 1992 में ही रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म के म्यूज़िक डायरेक्टर नदीम-श्रवण थे। और यही वो फिल्म है जिसकी मेकिंग के दौरान नदीम से प्रतिभा सिन्हा की पहली मुलाकात हुई थी। उस वक्त नदीम-श्रवण फिल्म इंडस्ट्री के शीर्ष संगीतकारों में शुमार हो चुके थे। इस जोड़ी का जलवा हुआ करता था तब। 

कल की आवाज़ फिल्म के म्यूज़िक सेशन्स में प्रतिभा सिन्हा भी मौजूद रहती थी। इस दौरान नदीम संग प्रतिभा सिन्हा की नज़दीकियां बढ़ने लगी। प्रतिभा नदीम को पसंद करने लगी। कहते हैं कि प्रतिभा नदीम को बहुत चाहने लगी। उनका ध्यान अपने करियर से भी हट गया था। उन्हें इस बात की भी कोई परवाह नहीं थी कि नदीम पहले से शादीशुदा हैं। माला सिन्हा को जब बेटी की नदीम संग बढ़ती नज़दीकियों का पता चला तो उन्हें बड़ा गुस्सा आया। 

माला सिन्हा इस बात को बर्दाश्त नहीं कर सकी कि बेटी करियर को छोड़कर इश्कबाज़ी पर ध्यान लगा रही है। वो भी एक मैरिड मैन संग। माला सिन्हा जी ने बेटी प्रतिभा सिन्हा को कई दफा चेतावनी दी कि वो नदीम से दूर रहें। मगर प्रतिभा पर मां की चेतावनियों का कोई असर नहीं हुआ। बॉलीवुड ठिकाना नाम के यूट्यूब चैनल ने अपने एक वीडियो में कहा है कि एक दफा तो प्रतिभा सिन्हा अपना घर छोड़कर नदीम के साथ कहीं चली गई थी। और कई दिनों तक नहीं लौटी थी।

बेटी के यूं गायब हो जाने से माला सिन्हा परेशान हो गई। और आखिरकार उन्हें एक बहुत बड़े पॉलिटीशियन के पास मदद की गुहार लेकर जाना पड़ा। वो पॉलिटीशियन थे बाला साहेब ठाकरे। बाला साहेब ठाकरे जी ने भी माला सिन्हा को निराश नहीं किया। कुछ ही दिन बाद उन्होंने प्रतिभा सिन्हा को ढूंढ निकाला और उनकी मां के पास ले आए। बेटी के वापस आने के बाद माला सिन्हा उसे साथ लेकर चेन्नई शिफ्ट हो गई। मगर बेटी प्रतिभा का दिल तब भी मुंबई में ही था।

चेन्नई जाकर भी प्रतिभा सिन्हा नदीम से बात करने की कोशिश करती रहती थी। हालांकि उनकी मां माला सिन्हा उन पर पूरी नज़र रखती थी। बॉलीवुड ठिकाना यूट्यूब चैनल के मुताबिक, प्रतिभा और नदीम ने तय किया कि वो दोनों कोड वर्ड्स में एक-दूसरे को संदेश देंगे। दोनों ने अपने कोड नेम रखे। प्रतिभा का कोड नेम था एंबेसडर। और नदीम का कोड नेम था ऐस। कुछ दिन तक दोनों इन्हीं नामों से एक-दूजे को मैसेज भिजवाते रहे। 

एक दिन प्रतिभा की मुलाकात एक पत्रकार से हुई। उस महिला पत्रकार को प्रतिभा का इंटरव्यू लेना था। बातों ही बातों में उस पत्रकार ने प्रतिभा के सामने नदीम का कोड वर्ड ऐस बोल दिया। प्रतिभा को लगा कि इस जर्नलिस्ट को नदीम ने उनके पास भेजा है। प्रतिभा ने बिना सोचे-समझे उस जर्नलिस्ट से कह दिया कि मैं भी नदीम से बहुत प्यार करती हूं। और नदीम से शादी करने वाली हूं। और उस पत्रकार ने प्रतिभा का ये बयान अखबार में छाप दिया। जो आखिरकार उनकी मां माला सिन्हा तक भी पहुंच गया।

माला सिन्हा ने वो इंटरव्यू छापने के लिए उस पत्रकार की खूब क्लास लगाई। फिर अपनी बेटी प्रतिभा को भी ज़बरदस्त डांट लगाई। और आखिरकार माला जी प्रतिभा को साथ लेकर मुंबई लौट आई। दूसरी तरफ नदीम अपनी पहली पत्नी को तलाक देने की तैयारी कर रहे थे। क्योंकि वो अब प्रतिभा संग शादी करना चाहते थे। मगर उन्हें नहीं पता था कि माला सिन्हा इस दफा पूरी तैयारी के साथ मुंबई लौटी हैं। मुंबई लौटने के बाद माला सिन्हा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ ऐसा हुआ जिससे फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मच गई। प्रतिभा सिन्हा ने उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में नदीम पर आरोप लगाया कि नदीम ने उन्हें किडनैप किया व उनके साथ दुराचार किया। माला सिन्हा ने भी नदीम को प्रेस कॉन्फ्रेंस में खूब कोसा। उन्होंने नदीम पर आरोप लगाया कि नदीम की वजह से उनकी बेटी का करियर तबाह हो गया है। और नदीम की वजह से उन्हें बहुत ज़्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। माला सिन्हा के आरोपों की खबर इंडस्ट्री में आग की तरह फैल गई।

नदीम को जब इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में पता चला तो उन्हें बहुत तगड़ा झटका लगा। उन्हें यकीन नहीं हो पा रहा था कि प्रतिभा सिन्हा उन पर इतने गंभीर आरोप लगा सकती हैं। प्रतिभा ने यू-टर्न क्यों लिया, वो इसी सवाल में उलझ गए थे। आखिरकार नदीम ने भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। नदीम ने अपनी सफाई में कहा कि वो प्रतिभा की मदद सिर्फ उस पर तरस खाकर कर रहे थे। क्योंकि प्रतिभा उनसे कहती थी कि उनकी मां माला सिन्हा ज़बरदस्ती उनसे फिल्मों में काम करा रही हैं। जबकी वो ये काम नहीं करना चाहती। बकौल नदीम, प्रतिभा ने उनसे ये भी कहा था कि उनकी मां उनकी पिटाई भी करती है। घर में बंद भी कर देती है।

कुछ समय तक चला ये विवाद आखिरकार शांत हो गया। मगर इस विवाद की वजह से प्रतिभा सिन्हा को नुकसान के अलावा और कुछ नहीं मिला। सच क्या है, ये तो प्रतिभा सिन्हा, माला सिन्हा और नदीम ही जानें। लेकिन प्रतिभा सिन्हा के करियर की कुर्बानी इस विवाद के चलते हो गई। प्रतिभा ने इस पूरे मामले के बाद कुछ फिल्मों में काम ज़रूर किया। लेकिन उन्हें कभी भी फिल्म इंडस्ट्री में सफलता नहीं मिल सकी। वो आज भी जानी जाती हैं तो सिर्फ फिल्म राजा हिंदुस्तानी के गीत परदेसी परदेसी में डांस करने वाली कबीलाई लड़की के तौर पर।