नई दिल्ली। Lancet report on india भारत में शारीरिक श्रम करने में लोग काफी आलसीपन दिखाते हैं। ये बात एक रिपोर्ट में सामने आई है। द लैंसेट ग्लोबल हेल्थ जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, 2022 में भारत में लगभग 50 प्रतिशत लोग अपर्याप्त स्तर की शारीरिक गतिविधि करते हैं।

अध्ययन में पाया गया कि भारत में पुरुषों (42 प्रतिशत) की तुलना में महिलाएं (57 प्रतिशत) और कम शारीरिक काम करती हैं।

नहीं करते शारीरिक गतिविधि

रिपोर्ट में कहा गया है कि महिलाओं में शारीरिक गतिविधि का अपर्याप्त स्तर पुरुषों की तुलना में औसतन 14 प्रतिशत अधिक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) सहित शोधकर्ताओं की एक अंतरराष्ट्रीय टीम ने कहा कि दक्षिण एशियाई क्षेत्र वयस्कों के अपर्याप्त रूप से शारीरिक रूप से सक्रिय होने के मामले में उच्च आय वाले एशिया प्रशांत क्षेत्र के बाद दूसरे स्थान पर है।

विश्व में 30 फीसदी नहीं करते शारीरिक श्रम 

रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि वैश्विक स्तर पर लगभग एक तिहाई लोग (31.3 प्रतिशत) शारीरिक श्रम प्राप्त रूप से नहीं करते। रिपोर्ट में पाया गया कि ये आंकड़ा 2010 के मुकाबले और बढ़ गया है। तब दुनिया भर में अपर्याप्त रूप से शारीरिक गतिविधि में संलग्न 26.4 प्रतिशत लोग थे, जो अब पांच प्रतिशत अधिक है।