बूंदी जिले के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक लोकेन्द्र (27) गांव ईश्वरपुरा थाना मांगरोल जिला बारां जिले के रहने वाला था। जो अपनी बहन को ससुराल से लेकर वापस गांव लौट रहा था। लालसोट मेगा हाईवे पर सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में लोकेन्द्र उसकी बहन भारती व 11 साल का मासूम घायल हो गया। इनको इलाज के लिए एमबीएस हॉस्पिटल लाया गया। इलाज के दौरान लोकेन्द्र की मौत हो गई।

चाचा नेमीचन्द नागर ने बताया कि 23 मई को भारती की शादी की थी। शादी के बाद पहली बार उसका भाई लोकेन्द्र उसे लेने ससुराल माधोराजपुरा गया था। सोमवार शाम को लोकेन्द्र अपनी बहन भारती को लेकर वापस गांव आ रहा था। उसके साथ 11 साल का भांजा आदित्य भी साथ था। तीनों एक ही बाइक पर थे। एक बाइक उनके पीछे चल रही थी। शाम साढ़े 5 के आसपास लालसोट मेगा हाईवे पर सामने से आ रही अल्टो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों को चोट लगी। तीनों को इलाज के लिए कोटा एमबीएस हॉस्पिटल लाए। लोकेन्द्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। भारती व आदित्य का इलाज जारी है। लोकेन्द्र शादीशुदा था। भीलवाड़ा की फैक्ट्री में काम करता था। उसके ढाई साल का बच्चा व 7 माह की बेटी है।

केशवरायपाटन थाना एएसआई शक्ति सिंह ने बताया कि लोकेंद्र अपनी सिस्टर को लेने माधोराजपुरा आया था। सोमवार को बहन को लेकर वापस अपने गांव जा रहा था। पाटन रेलवे स्टेशन के आगे लालसोट मेगा हाईवे पर सामने से आ रही अल्टो कार में टक्कर मार दी। घायलों को इलाज के लिए कोटा लाया गया। जहां डॉक्टर ने लोकेन्द्र को मृत घोषित कर दिया उसकी बहन भावना व बच्चा हॉस्पिटल में भर्ती है। कार के नंबर पता लग गए हैं। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है।