तमिलनाडु में आगामी 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव से पूर्व कच्चातिवु द्वीप विवाद गरमाता जा रहा है। अब इस विवाद पर तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष और कोयंबटूर से पार्टी उम्मीदवार के. अन्नामलाई ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा कच्चातिवु द्वीप विवाद पर तथ्यों को उजागर करने से सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) परेशान है। हालांकि, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने आरटीआई के तहत दी गई जानकारी को गलत बताया।गत सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कच्चातिवु द्वीप मुद्दे पर कांग्रेस और द्रमुक पर निशाना साधा था। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा कि हम कच्चातिवु पर राजनीति नहीं कर रहे हैं लेकिन यह सच्चाई है। अन्नामलाई ने खुद आरटीआई के तहत कच्चातिवु पर जानकारी जुटाई थी।

इधर, वेल्लूर में मंगलवार को आयोजित रैली में कच्चातिवु विवाद पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही भाजपा कच्चातिवु मुद्दे पर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में मछुआरों को गिरफ्तार करने के मुद्दे पर न तो श्रीलंका की निंदा करने की हिम्मत है और न ही अरुणाचल प्रदेश पर चीन द्वारा किए जा रहे दावों का विरोध करने की। ऐसे में वह कच्चातिवु पर कैसे बात कर सकते हैं? उन्होंने इस मुद्दे पर केंद्र द्वारा आइटीआई के तहत दी गई जानकारी को गलत करार दिया।

कोयंबटूर में भाजपा प्रत्याशी अन्नामलाई ने किया रोड शो

आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा उम्मीदवार के. अन्नामलाई ने कोयंबटूर में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ द्रमुक और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की ओलाचना की और दोनों को राज्य और राज्य के लोगों का दुश्मन बनाया। गत 28 मार्च को अन्नामलाई ने कोयंबटूर संसदीय क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया था।