नई दिल्ली। समूचे विपक्ष के इंडिया अलायंस में शामिल सीपीआई (एम) नेता सुभाषिनी अली ने मंगलवार को राहुल गांधी के लोकसभा सीट को लेकर सवाल उठा दिया। सुभाषिनी ने एक न्यूज एजेंसी से कहा कि राहुल गांधी को केरल से नहीं बल्कि भाजपा के गढ़ से लड़ना चाहिए।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केरल के वायनाड लोकसभा सीट से लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) उम्मीदवार एनी राजा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस नेता भाजपा से सीधे तौर पर नहीं लड़ रहे हैं। सुभाषिनी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि वायनाड के मौजूदा सांसद राहुल को भाजपा के गढ़ उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ना चाहिए।

कांग्रेस का सबसे बड़ा नेता केरल से चुनाव क्यों लड़ रहा?

उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी दावा कर रही है कि वे भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई का नेतृत्व कर रहे हैं। फिर कांग्रेस का सबसे बड़ा नेता केरल से चुनाव क्यों लड़ रहा है, जहां भाजपा के साथ कोई लड़ाई नहीं है? उन्हें उत्तर प्रदेश से लड़ना चाहिए, जहां भाजपा का सबसे बड़ा गढ़ है। अगर वह वहां भाजपा को हरा देते हैं, तो इसका बहुत बड़ा संदेश पड़ेगा।"

केरल के सीएम ने भी राहुल गांधी की आलोचना की

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी को सोचना चाहिए कि वे वायनाड से चुनाव लड़कर क्या संदेश दे रहे हैं। बता दें कि सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी वायनाड में एनी राजा के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए राहुल गांधी की आलोचना की थी।