नई दिल्ली। Bangladesh Independence Day:  भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश के लिए 26 मार्च का दिन काफी अहम है। आज से 53 साल पहले 26 मार्च 1971 में ही बांग्लादेश की स्वतंत्रता का एलान किया गया था। इससे पहले बांग्लादेश की पहचान पूर्वी पाकिस्तान के रुप में थी।भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के 24 साल बाद ही पाकिस्तान के भी दो टुकड़े हो गए। पाकिस्तानी सेना ने 16 दिसंबर 1971 को भारत के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। इससे पहले जब भारत का विभाजन हुआ था तो पाकिस्तान के हिस्से में पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र आया। पूर्वी क्षेत्र साल 1971 में बांग्लादेश बना था। आपको इस खबर के माध्यम से बताते हैं कि आखिर बांग्लादेश की नींव कैसे पड़ी।

कैसे पड़ी बांग्लादेश की नींव?

साल 1947 में भारत और पाकिस्तान का विभाजन हो गया था। इसी के साथ ही दुनिया के नक्शे पर एक और नए देश का नाम दर्ज हुआ। इस देश को नाम मिला पाकिस्तान। हालांकि, पाकिस्तान के हिस्से में दो क्षेत्र आए। एक भारत के पश्चिम में था तो दूसरा पूर्व में था। इन्हें पश्चिमी और पूर्वी पाकिस्तान कहा गया। पश्चिमी पाकिस्तान की भाषा ऊर्दू थी तो वहीं पूर्वी पाकिस्तान की भाषा बांग्ला थी। हालांकि, मुस्लिम बहुल देश होने के बावजूद पश्चिमी पाकिस्तान द्वारा पूर्वी पाकिस्तान के साथ भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाया गया। पश्चिमी पाकिस्तान के इस रवैये ने ही बांग्लादेश बनने की नींव डाली।

ऐतिहासिक भाषण ने रखी आजादी की नींव

  • साल 1970 में पाकिस्तान में पहले आम चुनाव हुए थे। 1970 में हुए चुनाव में शेख मुजीबुर्रहमान की अवामी लीग ने पूर्वी पाकिस्तान में बड़ी जीत दर्ज की।
  • शेख मुजीबुर्रहमान की पार्टी ने संसद में बहुमत भी हासिल किया था। हालांकि, रहमान को सरकार बनाने नहीं दिया गया।
  • 7 मार्च 1971 को शेख मुजीबुर्रहमान के नेतृत्व में पूर्वी पाकिस्तान के ढाका में एक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 10 लाख लोगों ने शिरकत की।

    बांग्लादेश की आजादी का एलान

    बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर्रहमान ने 26 मार्च 1971 को बांग्लादेश के स्वतंत्र होने का एलान कर दिया। बांग्लादेश में मुक्ति वाहिनी ने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बांग्लादेश की आजादी के लिए लगभग 9 महीने तक संघर्ष चला। बांग्लादेश की आजादी में भारतीय सेना ने अहम भूमिका निभाई। 3 दिसंबर 1971 को भारत इस युद्ध में शामिल हो गया। 13 दिन तक चले युद्ध के बाद पाकिस्तानी सेना को भारत के सामने 16 दिसबंर 1971 को आत्मसमर्पण कर दिया। इस जंग के खत्म होने के साथ ही दुनिया के नक्शे पर बांग्लादेश भी अस्तिव में आया।