नई दिल्ली। बीजेपी ने इजरायल-हमास युद्ध पर कांग्रेस के रूख को लेकर निशाना साधा है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि इजरायल-हमास युद्ध पर कांग्रेस का रुख वोटबैंक की राजनीति से प्रेरित है।

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

बीजेपी ने कांग्रेस से पूछा कि पिछली बार उनके वरिष्ठ नेता ने अंतरराष्ट्रीय युद्ध पर मीडिया में कब लिखा था। बीजेपी ने ये सवाल कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के एक आर्टिकल को लेकर पूछा है। सोनिया ने अपने लिखे आर्टिकल में इजरायल-हमास युद्ध पर भारत के रुख की आलोचना की थी।

'आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर नहीं हो सकती कोई राजनीति'

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर कोई राजनीति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर किंतु-परंतु की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए और भारत का रुख स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने पूछा कि आखिरी बार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने किसी अंतरराष्ट्रीय युद्ध पर कब लिखा था।

वोटबैंक की राजनीति से प्रेरित है सोनिया का आर्टिकल- BJP

उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि कांग्रेस की नीति भारत की प्रतिष्ठा और गरिमा के अनुरूप नहीं है बल्कि यह तुच्छ वोटबैंक की राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कुछ कर रही है वह भारत की नीति के खिलाफ है। उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि आतंकवाद को अप्रत्यक्ष समर्थन भी मानवता और भारत की सुरक्षा और हितों के लिए हानिकारक है।