मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में एक महिला की हत्या के मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस बात की जानकारी अधिकारियों द्वारा सोमवार को दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि करीब 50 साल की महिला की शनिवार शाम सॉओमबुंग इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने कहा कि हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए लोगों में पांच महिलाएं थीं और उनके पास से दो आग्नेयास्त्र जब्त किए गए थे।

पुलिस ने नौ लोगों को किया गिरफ्तार

अधिकारियों ने बताया कि हत्या के मामले में नौ लोगों को जिले के अलग-अलग हिस्सों से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारियां जिले के विभिन्न हिस्सों से की गईं। पुलिस अधीक्षक (इंफाल पूर्व) केएसएच शिवकांत सिंह ने कहा कि जांच चल रही है और अगर कोई अन्य व्यक्ति हत्या में शामिल पाया गया, तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक महिला मरिंग नागा समुदाय से थी। हेइकाकमापाल ग्राम विकास समिति ने कहा कि वह तीन आरोपियों को इलाके से बाहर कर देगी।

12 घंटे का बंद शुरू

इस बीच, सोमवार को सुबह 6 बजे से उन इलाकों में 12 घंटे का बंद शुरू हुआ है, जहां नागा लोग रहते हैं। हत्या के विरोध में मणिपुर में नागाओं की सर्वोच्च संस्था यूनाइटेड नागा काउंसिल (यूएनसी) ने बंद का आह्वान किया है। यूएनसी ने हत्या की न्यायिक जांच और आरोपियों के लिए अनुकरणीय सजा की मांग की है।

अब तक सैकड़ों लोगों की मौत

अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जा के लिए मैतेई समुदाय की मांग के विरोध में पहाड़ी जिलों में 3 मई को 'आदिवासी एकजुटता मार्च' आयोजित किए जाने के बाद राज्य में जातीय झड़पें हुईं, जिसमें 150 से अधिक लोगों की जान चली गई और कई हजार घायल हो गए।

मणिपुर की आबादी में मैतेई लोगों की संख्या लगभग 53 प्रतिशत है और वे ज्यादातर इम्फाल घाटी में रहते हैं। वहीं, आदिवासी - नागा और कुकी - आबादी का 40 प्रतिशत हिस्सा हैं और पहाड़ी जिलों में रहते हैं।