असम के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण गंभीर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे सामान्य जनजीवन ठप हो गया है। राज्य में बाढ़ के कारण अब तक सात लोगों की मौत हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन एजेंसी FRIMS ने बुधवार को यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के 12 जिलों के 395 गांव भीषण बाढ़ के चपेट में है।

राज्य के 12 जिले बाढ़ से प्रभावित

FRIMS द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जिनमें बजाली, बारपेटा, बिश्वनाथ, दरांग, धेमाजी, गोलपारा, जोरहाट, कामरूप, लखीमपुर, नलबाड़ी, सोनितपुर और तामुलपुर शामिल हैं। राज्य में बाढ़ के कारण 65,759 जानवार भी प्रभावित हुए हैं।

बाढ़ के कारण 82,000 से अधिक लोग प्रभावित

एजेंसी द्वारा जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य में बाढ़ के कारण अबतक कुल सात लोगों की मौत हो गई है और 5 जिलों में कुल 5 मेडिकल टीमों को तैनात कर दिया गया है। मालूम हो कि बाढ़ के कारण सीधे तौर पर इन सभी 12 जिलों में 82,000 से अधिक लोग सीधे प्रभावित हुए हैं। हालांकि, राज्य के अन्य हिस्सों में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है।

बारपेटा जिले में 67,000 से अधिक लोग प्रभावित

वहीं, बाढ़ के कारण बारपेटा जिले के लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। असम के बारपेटा जिले में बाढ़ की स्थिति के कारण सैकड़ों लोगों के विस्थापित होने से स्थिति गंभीर बनी हुई है। बारपेटा जिले के 93 गांवों के 67,000 से अधिक लोग प्रभावित हैं। एएसडीएमए की रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में बारपेटा जिले में 225 हेक्टेयर फसल भूमि जलमग्न है। पिछले दो दिनों में जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई।