भूपानी थाना क्षेत्र में शराब पीकर हुए झगड़े में एक युवक ने छोटे भाई की हत्या कर दी। अनुमान है कि झगड़े में उसने लकड़ी के फट्टे से हमला किया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बहन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित फरार है।

माता-पिता की पहले हो चुकी मौत

दिल्ली के संगम विहार में पति के साथ वाली अनीता ने बताया कि उसके चार भाई हैं। माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अनीता ने थाना भूपानी इलाके के सतयुग दर्शन वसुंधरा कालेज के निकट महाराणा प्रताप शिव कालोनी में चार साल पहले एक प्लाट खरीदा था, जिसमें एक कमरा बनाया है।

उसमें उसके भाई सुुरेंद्र उर्फ टीटू व ओमवीर उर्फ चिंटू रह रहे थे। दोनों मजदूरी करते थे। शराब के आदी हैं और आपस में झगड़ा करते थे। वह इन दोनों भाइयों से परेशान होकर अपने बाल-बच्चों सहित दिल्ली के संगम विहार में किराए पर जाकर रहने लगी।

शराब पीकर किसी बात पर लड़ गए दोनों

मंगलवार शाम करीब छह बजे अनीता को पता चला कि सुरेंद्र और ओमवीर के बीच शराब पीकर किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया है। इसमें ओमवीर ने गुस्से में सुरेंद्र को किसी वस्तु से चोट मारी है, जिससे की उसकी मृत्यु हो गई। यह पता चलने पर अनीता मौके पर पहुंची। उसने सुरेंद्र को चारपाई पर पड़े पाया। उसके माथे पर चोट का निशान था। उसने पुलिस को जानकारी दी।

आरोपित भाई फरार

जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रात को ही शव कब्जे में लेकर बादशाह खान अस्पताल में रखवा दिया था। पुलिस का कहना है कि ओमवीर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट होगा कि उसने किस वस्तु से हमला किया था।