कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को बेंगलुरु में कालेज के छात्रों और कामकाजी महिलाओं से बातचीत की। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कनिंघम रोड पर स्थित कैफे काफी डे पर रुके और काफी पी। बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी) के बस स्टाप के समीप उन्होंने कालेज के छात्रों और कामकाजी महिलाओं से बात की।

कई विषयों पर राहुल ने खुलकर चर्चा की

पार्टी नेताओं ने बताया कि इसके बाद उन्होंने बीएमटीसी बस से यात्रा की और कर्नाटक के लिए उनके विचार समझने के इरादे से महिला यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमत, गृहलक्ष्मी योजना और बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की कांग्रेस की गारंटी सहित कई विषयों पर खुलकर चर्चा की।

महिलाओं ने उन्हें परिवहन की समस्या के बारे में और बढ़ती कीमतों से उनके बजट पर पड़ते असर के बारे में बताया। राहुल गांधी इसके बाद बस से लिंगाराजापुरम में उतरे जहां उन्होंने एक बार फिर बस स्टाप पर महिलाओं से बात की। कर्नाटक में राहुल गांधी ने कई चुनावी रैलियों को संबोधित किया है।

प्रियंका गांधी ने बेंगलुरु में किया रोड शो

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन सोमवार को बेंगलुरु के विजयनगर में रोड शो किया। रोड शो में राज्य भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। वहीं, बड़ी संख्या में लोग भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सड़कों पर जमा हुए। फूलों से सजे वाहन में खड़े होकर प्रियंका ने सड़क के दोनों ओर उमड़ी भीड़ का अभिवादन किया।

इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस सत्ता में आएगी क्योंकि राज्य के लोग भ्रष्टाचार का अंत चाहते हैं। प्रियंका ने कहा कि हम बहुत आश्वस्त और आशान्वित हैं। मैं संख्या की भविष्यवक्ता नहीं हूं। मैं केवल उस प्रतिक्रिया को देख सकती हूं जो हमें जनता से मिली है।